गोंड़ समाज का वार्षिक सम्मेलन सम्पन्न, सामुदायिक एकता और विकास पर जोर

 

पाली। ब्लॉक मुख्यालय के दूरस्थ पहाड़ी वनांचल ग्राम राहा (सपलवा) में अखिल गोंड़ समाज का वार्षिक सामाजिक जनजागरण सम्मेलन आयोजित किया गया। यह सम्मेलन अखिल गोंड़ समाज महासभा केंद्र जेवरा, जिला संभाग बिलासपुर के तत्वावधान में सम्पन्न हुआ। महासभा की सामाजिक व्यवस्था बिलासपुर, कोरबा, मरवाही, शक्ति एवं जांजगीर-चांपा सहित आसपास के जिलों में संचालित है।


सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक एकता को मजबूत करना, सामाजिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना तथा समाज की रीति-नीति, नेंग-दस्तूर, रूढ़ि-प्रथा, गोत्र-टोटम, गढ़-किला, जन्म, विवाह एवं मृत्यु संस्कारों के संरक्षण पर विचार-विमर्श करना रहा। इसके साथ ही परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण, सामाजिक वैचारिक चर्चा, गोटूल शिक्षा के विकास और राजनीतिक सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पाली-तानाखार विधायक श्री तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम रहे। उनका स्वागत पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों और लया-लयोर रेला पाटा नृत्य दल द्वारा उन्हें कार्यक्रम स्थल तक लाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल गोंड़ समाज महासभा केंद्र जेवरा की सभापति श्रीमती जामबाई श्याम ने की।

अपने संबोधन में विधायक श्री मरकाम ने कहा कि गोंड़ समाज एक विशाल और संगठित समाज है। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति समाज के लिए मात्र एक-एक रुपये का योगदान दे, तो समाज आर्थिक रूप से सशक्त बन सकता है। इससे समाज अपने स्वयं के स्कूल, अस्पताल और व्यवसाय स्थापित कर सकता है। उन्होंने कहा कि समाज ने हमें बहुत कुछ दिया है, लेकिन हमें यह भी सोचना चाहिए कि हमने समाज को क्या दिया। हम सभी समाज के ऋणी हैं और इस जिम्मेदारी को समझना आवश्यक है।
उन्होंने आगे कहा कि संविधान में आदिवासियों के लिए अनेक अधिकार प्रदान किए गए हैं, जिनकी जानकारी होना जरूरी है एवं लाभ लेना चाहिए। समाज के युवाओं को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होकर जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

सम्मेलन के दौरान वर्ष 2025 में शासकीय नौकरी प्राप्त करने वाले उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, उत्कृष्ट व्यापारियों एवं किसानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में गोंड़ समाज के विभिन्न जिलों से पदाधिकारी, युवा, महिलाएं प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Digital Griot

Leave a Comment

Read More